नीमच।गणेश उत्सव के समापन और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से नीमच पुलिस ने आमजन और आयोजक समितियों के लिए विशेष एडवाईजरी जारी की है। पुलिस ने 6 महत्वपूर्ण बिंदुओं में जुलूस से लेकर विसर्जन स्थल तक की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए हैं।
नीमच पुलिस द्वारा जारी एडवाईजरी के अनुसार –
1. जुलूस एवं मार्ग व्यवस्था: विसर्जन जुलूस निर्धारित मार्ग और निर्धारित समय पर ही निकाला जाए। जुलूस में शामिल वाहनों, ट्रॉलियों एवं झांकियों की संख्या पूर्व निर्धारित रखी जाए। मार्ग में विद्युत तार, संकरे रास्ते, पुल एवं अन्य बाधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए और यातायात व्यवस्था बाधित न हो इसके लिए पुलिस के निर्देशों का पालन किया जाए।
2. मूर्ति एवं वाहन संबंधी सुरक्षा: मूर्ति को सुरक्षित एवं संतुलित तरीके से वाहन पर स्थापित किया जाए तथा पर्याप्त संख्या में रस्सियों और सपोर्ट का उपयोग किया जाए। वाहन की क्षमता से अधिक लोगों को न बैठाया जाए और चालक नशे की स्थिति में न हो। जुलूस के दौरान वाहन की छत, बोनट या अन्य असुरक्षित स्थानों पर लोगों के बैठने-खड़े होने से रोका जाए।
3. विसर्जन स्थल पर विशेष सावधानी: प्रशासन द्वारा निर्धारित विसर्जन स्थल पर ही गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाए। विसर्जन स्थल पर गहरे पानी, तेज बहाव एवं फिसलन वाले स्थानों पर विशेष सावधानी रखी जाए। बच्चों एवं तैरना नहीं जानने वाले व्यक्तियों को पानी में जाने से रोका जाए। विसर्जन नगर पालिका की टीम के माध्यम से ही कराया जाए और सांकेतिक बोर्ड का पालन किया जाए।
4. विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा: विसर्जन के दौरान विद्युत सजावट में सुरक्षित एवं मानक विद्युत सामग्री का उपयोग किया जाए। रूट में आने वाले खुले तार, डीपी का विशेष ध्यान रखा जावे। जनरेटर एवं विद्युत उपकरणों को पानी से सुरक्षित दूरी पर रखा जाए तथा रेत एवं अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखे जाएं।
5. भीड़ एवं आपातकालीन व्यवस्था: भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त वॉलिंटियर तैनात किए जाएं। महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। आपातकालीन निकास एवं आने-जाने के मार्ग अवरुद्ध न किए जाएं और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें।
- ध्वनि एवं अनुशासन:* ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियम एवं समय-सीमा के अनुसार किया जाए। जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार का विवाद, अभद्र व्यवहार न करें एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि का हिस्सा न बनें। नशे की स्थिति में किसी व्यक्ति को जुलूस अथवा विसर्जन संबंधी जिम्मेदारी न दी जाए।
पुलिस ने अपील की है कि सभी आयोजक समिति एडवाईजरी में जारी सभी दिशा निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में पुलिस कंट्रोल रूम नीमच 7049101042, 07423-22800 एवं डायल 112 पर सूचित करें।
जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत नीमच
