टीचर्स एसोसिएशन ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, जनभावनाओं को ध्यान में रखकर सकारात्मक निर्णय का आग्रह

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला गरियाबंद ने जिले में घोषित नवाखाई पर्व के स्थानीय अवकाश की तिथि में संशोधन की मांग को लेकर जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा है। संगठन के जिलाध्यक्ष परमेश्वर निर्मलकर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि नवाखाई पर्व के लिए 18 सितंबर 2026 को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।

एसोसिएशन के अनुसार देवभोग, मैनपुर, छुरा एवं गरियाबंद क्षेत्र में नवाखाई पर्व 15 सितंबर 2026, मंगलवार को पंचमी तिथि के अवसर पर पारंपरिक श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पर्व की स्थानीय धार्मिक एवं सामाजिक महत्ता को देखते हुए बड़ी संख्या में शिक्षक-कर्मचारी एवं उनके परिवारजन आयोजन में शामिल होंगे।

ऐसे में संगठन ने जनभावनाओं और स्थानीय परंपराओं को ध्यान में रखते हुए 18 सितंबर के स्थान पर 15 सितंबर 2026 को नवाखाई पर्व का स्थानीय अवकाश घोषित करने का आग्रह किया है। एसोसिएशन ने कहा कि अवकाश की तिथि में यह आंशिक संशोधन पर्व में सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ स्थानीय संस्कृति एवं परंपरा के सम्मान की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम होगा।

ज्ञापन के माध्यम से जिलाधीश से जनभावनाओं एवं क्षेत्रीय परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए मांग पर सहानुभूतिपूर्वक एवं सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया गया।

इस दौरान जिला अध्यक्ष परमेश्वर निर्मलकर, जिला सचिव सुरेश केला, जिला कोषाध्यक्ष नंदकुमार रामटेके, ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र सोनवानी, संजय यादव, दिनेश निर्मलकर सहित संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद

Comments are closed.

Exit mobile version