15 ग्राम एमडी ड्रग्स सहित दो दोपहिया वाहन और तीन मोबाइल जब्त
छिंदवाड़ा, 6 सितंबर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एमडी ड्रग्स की तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम एमडी ड्रग्स, तीन मोबाइल फोन, दो दोपहिया वाहन और 3,700 रुपये नकद, कुल करीब 3 लाख 81 हजार 200 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिवनी निवासी विशाल विश्वकर्मा दोपहिया वाहन से एमडी ड्रग्स पाउडर लेकर औद्योगिक क्षेत्र ईमलीखेड़ा पहुंचने वाला है और इसे न्यूटन परासिया निवासी अनिमेष सूर्यवंशी को बेचने वाला है। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए ईमलीखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम एमडी ड्रग्स, दो मोबाइल फोन, दोपहिया वाहन एवं 2,700 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
नागपुर से ड्रग्स खरीदने की जानकारी
विवेचना के दौरान पुलिस पूछताछ में आरोपी विशाल विश्वकर्मा ने एमडी ड्रग्स नागपुर निवासी अब्दुल रशीद कुरैशी से खरीदना बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने नागपुर पहुंचकर अब्दुल रशीद कुरैशी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकद जब्त किए गए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय छिंदवाड़ा में पेश किया है। पुलिस द्वारा अब मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़ी पूरी श्रृंखला की जांच की जा रही है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, आरोपी विशाल विश्वकर्मा के खिलाफ जिला सिवनी में एमडी ड्रग्स, चोरी एवं मारपीट से संबंधित करीब आठ मामले पूर्व से दर्ज हैं। वहीं आरोपी अब्दुल रशीद कुरैशी के खिलाफ नागपुर में बलवा एवं मारपीट के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी, निरीक्षक आशीष कुमार धुर्वे, उपनिरीक्षक नारायण सिंह बघेल, सहायक उपनिरीक्षक ब्रिजेश सिंह रघुवंशी, प्रधान आरक्षक युवराज रघुवंशी,आरक्षक विकाश सिंह ,परवेज हाजमी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा द्वारा कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
पुलिस की अपील: मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा। ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला_ अमित मिश्रा
