डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

तीन लोगों ने मिलकर वारदात को दिया अंजाम, चोरी का गेहूं बरामद; दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी शहपुरा पुलिस

शहपुरा। नगर के वार्ड क्रमांक-2 में संचालित आदिवासी उपभोक्ता भंडार सोसाइटी में ताला तोड़कर शासकीय गेहूं चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने मिलकर सोसाइटी में सेंध लगाई और वहां रखी 14 बोरी गेहूं चोरी कर ले गए। शिकायत मिलने के बाद शहपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

4 सितंबर की दरमियानी रात हुई वारदात

जानकारी के अनुसार 4 सितंबर की दरमियानी रात तीन लोगों ने आदिवासी उपभोक्ता भंडार सोसाइटी का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। इसके बाद वहां रखी 14 बोरी गेहूं चोरी कर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर सोसाइटी संचालक ने शहपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।

एक आरोपी गिरफ्तार, चोरी का गेहूं बरामद

पुलिस ने जांच के दौरान शहपुरा निवासी संजय कुमार बैगा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया गेहूं भी बरामद किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। मामले में शामिल बताए जा रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

थाना प्रभारी अनुराग जामदार के निर्देशन में प्रधान आरक्षक विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक सूर्यभान बरकड़े और प्रधान आरक्षक कमलेश मरावी ने मामले की जांच करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी के गेहूं की बरामदगी की कार्रवाई की। पुलिस अब फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों की तलाश कर रही है।

Comments are closed.

Exit mobile version