
धार्मिक आयोजनों में व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर रहेगी नजर, जुलूस, गरबा, विसर्जन और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए जरूरी निर्देश
ढीमरखेड़ा। नवरात्रि और दशहरा पर्व को लेकर ढीमरखेड़ा पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों, आयोजन समितियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि नवरात्रि से लेकर दशहरा तक धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। ऐसे में आयोजन समितियां प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। जुलूस के निर्धारित मार्ग, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, ध्वनि व्यवस्था और विसर्जन के दौरान सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने पर जोर दिया गया।
पुलिस ने आयोजन समितियों से कहा कि धार्मिक आयोजनों की आड़ में किसी भी तरह की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति निर्मित न होने दें। निर्धारित नियमों का पालन करते हुए कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। वहीं सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश पर होगी कार्रवाई
बैठक में पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि नवरात्रि और दशहरा पर्व को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शांति समिति के सदस्यों ने भी पुलिस-प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाते हुए क्षेत्र में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न कराने के लिए अपने सुझाव रखे। बैठक में पुलिस अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधि, आयोजन समितियों के पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
रिपोर्ट जितेंद्र मिश्रा

