डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

डिंडौरी, 08 अक्टूबर। गोवा के मनोहर पार्कर इंडोर स्टेडियम, नवेलिम में आयोजित इंडो-श्रीलंका ओपन कराते चैम्पियनशिप-2026 में डिंडौरी की बालिका खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। कराते प्रशिक्षक मनीषा बैरागी के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने काता एवं कुमीते इवेंट में कुल 9 पदक अपने नाम किए।

प्रतियोगिता में मैना वालरे ने 55 किलोग्राम वजन वर्ग के काता इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि कुमीते में कांस्य पदक जीता। इसी तरह गरिमा भारद्वाज ने 40 किलोग्राम वर्ग के काता एवं कुमीते दोनों इवेंट में रजत पदक प्राप्त किए।

दुर्गा अहिरवार ने 50 किलोग्राम वर्ग में काता और कुमीते दोनों में रजत पदक अर्जित किए। दामिनी परस्ते ने 55 किलोग्राम वर्ग के काता में रजत, जबकि कुमीते में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं केशरी धुर्वे ने 55 किलोग्राम वर्ग के काता इवेंट में कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।

कलेक्टर ने किया खिलाड़ियों का सम्मान

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर डिंडौरी लौटीं विजेता खिलाड़ियों का कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने फूल-मालाओं से स्वागत किया तथा उन्हें मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

कलेक्टर ने खिलाड़ियों से कहा कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें किसी भी प्रकार के खेल उपकरण अथवा सामग्री की आवश्यकता हो तो उसकी उपलब्धता के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कराते प्रशिक्षक मनीषा बैरागी का भी स्वागत एवं सम्मान किया।

जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी मोहम्मद अहमद खान ने भी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल विभाग द्वारा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के रोशन बाबू झारिया, आरती सोंधिया, सुनीता धुर्वे, राजकुमार धुर्वे सहित अन्य उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं विभागीय कर्मचारियों ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Comments are closed.

Exit mobile version