डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
*नर्मदा घाट निर्माण पर घमासान: आरोप-प्रत्यारोप के बीच काम ठप, जांच के दायरे में मामला*
*डिंडौरी* – नर्मदा नदी के पुल के नीचे चल रहे घाट निर्माण कार्य को लेकर विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। रविवार दोपहर अचानक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जिसके चलते निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रोकना पड़ा। घटना के बाद से पूरा मामला आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक तकरार में बदल गया है।
पेटी कांट्रेक्टर अजय श्रीवास्तव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे मौके पर पहुंचे और उनके साथ धक्का-मुक्की की। इतना ही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया। ठेकेदार के अनुसार, कलेक्टर के निर्देश के बाद ही रविवार सुबह कार्य पुनः शुरू किया गया था, लेकिन दोपहर होते-होते हालात बिगड़ गए और काम फिर से बंद करना पड़ा।
वहीं, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि वे केवल निर्माण कार्य की गुणवत्ता का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया कि कार्य में गड़बड़ी नजर आने पर उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई, जिसके बाद ठेकेदार पक्ष विवाद खड़ा कर रहा है।
इधर, पर्यटन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि घाट निर्माण कार्य स्वीकृत योजना और निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही किया जा रहा है तथा किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई है।
फिलहाल, दोनों पक्षों के बीच जारी आरोप-प्रत्यारोप के चलते निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। मामला अब प्रशासनिक जांच के दायरे में आ चुका है और स्थानीय स्तर पर भी इसे लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब सभी की नजर प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
