शहडोल मध्यप्रदेश
नगर पालिका परिषद, शहडोल को मिली गौ एंबुलेंस सेवा की स्वीकृति
शहडो -नगर पालिका परिषद, शहडोल को गौ सेवा और गौ संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा गौ एंबुलेंस सेवा हेतु 7.50 लाख रुपये की राशि की स्वीकृति दी गई है। शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) योजना के तहत इस राशि को मंजूरी दी है।
नगर पालिका परिषद, शहडोल ने गौ संरक्षण और प्रबंधन से संबंधित एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की थी, जिसकी लागत लगभग 25 लाख रुपये थी। इस कार्ययोजना के तहत गौ एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की योजना बनाई गई थी। कलेक्टर द्वारा स्वीकृत की गई राशि गौ एंबुलेंस सेवा की पहली किश्त के रूप में दी गई है, जिससे घायल और असहाय गायों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी, आशा जितेंद्र भंडारी ने बताया कि स्वीकृत राशि के आधार पर नगर पालिका शीघ्र ही निविदा प्रक्रिया शुरू करेगी, जिससे गौ एंबुलेंस सेवा का संचालन जल्द ही शुरू किया जा सकेगा। इस पहल से न केवल गौ सेवा और संरक्षण के कार्यों को मजबूती मिलेगी, बल्कि पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और सेवा की भावना भी बढ़ेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम दास जायसवाल, उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा और नेता प्रतिपक्ष शक्ति लक्ष्यकार ने इस पहल पर जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे गौ संरक्षण के प्रयासों को एक नई दिशा मिलेगी।
अजय पाल
