धमतरी:
शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाने तथा पुलिसिंग को दुरुस्त करने के लिए धमतरी की पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) ने एक बड़ी पहल की है। एसपी ने आज स्वयं धमतरी शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का दौरा कर यातायात व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बढ़ते ट्रैफिक दबाव, पार्किंग की समस्याओं और जाम की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आम जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिलना चाहिए। उन्होंने साफ किया कि शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार करना धमतरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।
यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के बाद एसपी श्रीमती भावना पांडेय ने थाना सिटी कोतवाली का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीएनएस कार्य, थाना अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाना और परिसर की साफ-सफाई का गहन अवलोकन किया। उन्होंने थाना स्टाफ को निर्देश दिए कि सभी अभिलेखों को अपडेट रखा जाए और कार्यालयीन कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को हिदायत दी कि थाने में आने वाले हर पीड़ित और नागरिक के साथ संवेदनशील, विनम्र और पेशेवर व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण हो।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण और फील्ड विजिट के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, यातायात डीएसपी सुश्री मोनिका साहू, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जगत तथा यातायात प्रभारी के.आर. साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
