एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, 2.20 लाख रुपये की सोने की चेन बरामद।
धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस ने ज्वेलरी दुकान से सोने की चेन चोरी करने वाले महाराष्ट्र निवासी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई 2.20 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन बरामद की है।
घटना 27 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन के दौरान घड़ी चौक, शनि मंदिर के पास स्थित आमंत्रण ज्वेलर्स में हुई थी। ग्राहकों की भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपियों ने खरीदारी करने के बहाने 17 ग्राम 110 मिलीग्राम वजन की सोने की चेन चोरी कर ली थी। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 207/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
9 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आमा तालाब रोड स्थित यादव भवन के पास दो संदिग्ध सोने की चेन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर रेखा चौहान (50 वर्ष) और पृथ्वीराज चौहान (60 वर्ष), निवासी अक्लुज, जिला सोलापुर, महाराष्ट्र को पकड़ा। पूछताछ और पहचान की कार्रवाई के बाद उनके कब्जे से चोरी गई सोने की चेन बरामद की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
