सतना मध्य प्रदेश


सतना 27 नवम्बर 2026/निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत आयोजित विशेष कैंपों के दौरान जिले के 58 मतदान केंद्रों पर बीएलओ अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले बीएलओ को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर जवाब मांगा गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले की समस्त विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्वाचक नामावली के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 21 एवं 22 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए गए थे। विशेष कैंपों में बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए गठित जिला स्तरीय निरीक्षण दल द्वारा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विधानसभा क्षेत्र 63 सतना के 16, विधानसभा क्षेत्र 64 नागौद के 21 तथा विधानसभा क्षेत्र 67 रामपुर बाघेलान के 21 मतदान केंद्रों पर संबंधित बीएलओ अनुपस्थित पाए गए। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अनुपस्थित पाए गए बीएलओ को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत नहीं करने अथवा जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में संबंधित बीएलओ के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो

Comments are closed.

Exit mobile version