धमतरी 

धमतरी पुलिस ने पकड़ा एक और सत्ता आरोपी

धमतरी पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में संचालित ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने हाईटेक सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

 

​पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांधी मैदान के पास एक व्यक्ति मोबाइल ऐप और यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आमातालाब रोड स्थित यादव भवन के पास घेराबंदी कर आरोपी मनमोहन पटेल उर्फ छोटू को रंगे हाथों पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पूर्व में गिरफ्तार हो चुके मुख्य आरोपी शंकर मंगलानी द्वारा उपलब्ध कराई गई आईडी के माध्यम से ‘GOLDENEXCH.COM’ प्लेटफॉर्म पर हार-जीत का दांव लगवा रहा था।

​पुलिस ने आरोपी के पास से सट्टा संचालन में प्रयुक्त ओप्पो मोबाइल फोन जब्त किया है। जांच में सामने आया कि यह पूरा नेटवर्क अत्यधिक हाईटेक था, जिसमें ग्राहकों को आईडी-पासवर्ड देना, क्यूआर कोड से भुगतान लेना और बैंकिंग ट्रांजैक्शन के जरिए लाखों का सट्टा खिलाना शामिल था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध जुआ प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई से जिले के सटोरियों में हड़कंप मच गया है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version