नगरी (धमतरी):
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा जिले में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत पीएम श्री शासकीय श्रृंगी ऋषि उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम हाई स्कूल, नगरी में यातायात और नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू ने विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने सड़क सुरक्षा के नियमों जैसे—हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करना और नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। इसके अलावा, छात्रों को साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित सोशल मीडिया उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों को नशामुक्त रहने और यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री एस.के. प्रजापति, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू, सहायक उप निरीक्षक रामकृष्ण साहू, सहायक उप निरीक्षक मोहन निषाद, आरक्षक राजीव साहू, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। धमतरी पुलिस ने भविष्य में भी शैक्षणिक संस्थानों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़
