दुर्गा पंडाल में बिजली झालर लगाने गया था प्रार्थी, करीब 40 हजार रुपये की मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई।
धमतरी। धमतरी में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई सीबी शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AH 7832 बरामद की है। बरामद मोटरसाइकिल की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी 11 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल घर के सामने खड़ी कर दुर्गा पंडाल में बिजली झालर लगाने गया था। 12 अक्टूबर की रात करीब 3 बजे लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। शिकायत पर सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 256/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दानीटोला स्थित मैला गड्ढा के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में मोटरसाइकिल चोरी की घटना में संलिप्तता सामने आने तथा वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुबलाल साहू (21 वर्ष), निवासी महिमा सागर वार्ड, दानीटोला, तथा राजेन्द्र निर्मलकर (55 वर्ष), निवासी टिकरापारा, धमतरी के रूप में हुई है।
एसपी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस ने नागरिकों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़।
