धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णाहुति के पश्चात् आज होगा नगर में भव्य भंडारा
दमुआ। नगर के दमुआ बाजार में श्री श्री काली पूजा उत्सव समिति द्वारा धार्मिक परंपरा और आस्था के अनुरूप इस वर्ष भी मां महाकाली की विशाल एवं भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। आकर्षक साज-सज्जा और मनमोहक स्वरूप में विराजित मां काली के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है। प्रतिमा स्थापना के साथ ही पूरे दमुआ नगर में धर्म, श्रद्धा और भक्ति का वातावरण निर्मित हो गया है।
🖊️उत्सव के दौरान मंदिर परिसर में प्रतिदिन विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना, आरती, भजन-कीर्तन एवं जस जागरण के धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचकर शीश नवाते हुए परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। मां काली के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आ रहा है।

🖊️समिति द्वारा उत्सव के समापन अवसर पर 16 नवंबर, सोमवार को हवन-पूजन एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठान के साथ पूर्णाहुति संपन्न कराई जाएगी। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। संपूर्ण धार्मिक कार्यक्रम पंडित आचार्य सतीश शुक्ला महाराज के सानिध्य में संपन्न हो रहे हैं।
🖊️वहीं 17 नवंबर, मंगलवार को मां महाकाली की भव्य प्रतिमा का कन्हान नदी स्थित दमुआ विसर्जन घाट पर हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान नगर में धार्मिक उत्साह के बीच विसर्जन कार्यक्रम संपन्न होगा।

🖊️आयोजन को सफल बनाने में श्री श्री काली पूजा उत्सव समिति दमुआ बाजार के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है। समिति ने धार्मिक आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।







