पिंडरई में 20 वर्षीय युवक का फंदे पर लटका मिला शव, दमुआ पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
काम पर जाने की बात को लेकर परिजनों से नाराज होकर घर से निकला था युवक, अगले दिन बाड़ी में मिला शव
जुन्नारदेव दमुआ। थाना दमुआ क्षेत्र के ग्राम पिंडरई में 20 वर्षीय युवक का शव घर के पीछे बाड़ी में तेंदू के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 57/2026 के तहत धारा 194 बीएनएसएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दमुआ में पोस्टमार्टम कराया गया है।
परिजनों के अनुसार काम को लेकर था नाराज
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नंदलाल पिता आदेसिंग, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम पिंडरई के रूप में हुई है। मृतक मजदूरी का काम करता था। परिजनों के अनुसार, काम पर जाने को लेकर माता-पिता द्वारा समझाइश दिए जाने से वह पिछले तीन-चार दिनों से नाराज था और घर से चला गया था। हालांकि, वह दोपहर और शाम को खाना खाने घर आता था।
बताया गया कि 27 अक्टूबर 2026 को खाना खाने के बाद नंदलाल घर से निकला था, लेकिन रात में वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह परिजनों ने उसकी तलाश की तो घर के पीछे बाड़ी में तेंदू के पेड़ पर उसका शव फंदे से लटका मिला।
पुलिस जांच जारी
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के आधार पर थाना दमुआ में मर्ग कायम किया गया। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक शैलेष ठाकुर द्वारा की जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दमुआ में पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल मर्ग जांच जारी है।
राष्ट्रीय समाचार पत्रिका पुलिस वाला असेंबली रिपोर्टर भगवानदास साहू
