राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में हुआ अनावरण, सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक गौरव का अवसर।
रायपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार, 22 अक्टूबर को रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता साहिब हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय उपस्थित रहे।
पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी जी की 200वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा यह विशेष स्मारक सिक्का जारी किया गया है। किसी आध्यात्मिक विभूति के सम्मान में स्मारक सिक्का जारी होना सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर है। यह देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी समाज के लोगों के लिए गर्व का विषय है।
भारत सरकार द्वारा जारी इस विशेष सिक्के पर पूज्य माता साहिब हासी देवी जी की छवि अंकित है। सिक्के के दूसरी ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस स्मारक सिक्के के माध्यम से माता साहिब हासी देवी जी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से इसे बुक कर सकेंगे।
कार्यक्रम में पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, श्री सुनील सोनी, श्री मोतीलाल साहू, मुख्य सचिव श्री विकासशील, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम और राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना उपस्थित रहे।
इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों, पूज्य शदाणी दरबार के सदस्यों, देशभर से आए जनप्रतिनिधियों और सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने भी समारोह में सहभागिता की। माता साहिब हासी देवी जी के सम्मान में जारी यह स्मारक सिक्का उनकी आध्यात्मिक विरासत और समाज के प्रति उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने की महत्वपूर्ण पहल है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव।
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़।
