डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

मांगें पूरी नहीं होने पर 30 और 31 अक्टूबर से भोपाल में आंदोलन की चेतावनी, प्रदेशभर के 38 हजार कोटवार होंगे शामिल

डिंडोरी। जिले में आजाद कोटवार कर्मचारी संघ ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ ने यह ज्ञापन नायब तहसीलदार को दिया। इस दौरान कोटवारों ने लंबे समय से लंबित मांगों का निराकरण करने की मांग उठाई। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर के करीब 38 हजार कोटवार भोपाल में अनिश्चितकालीन सत्याग्रह आंदोलन और काम बंद हड़ताल शुरू करेंगे।

नियमितीकरण सहित तीन प्रमुख मांगें

कोटवार संघ की प्रमुख मांगों में प्रदेश के करीब 38 हजार कोटवारों को नियमित करना, सेवा भूमि पर भूमिस्वामी हक प्रदान करना तथा वर्दी और अन्य आवश्यक सामग्री के लिए मिलने वाली राशि सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में जमा करना शामिल है। संघ का कहना है कि इन मांगों का लंबे समय से समाधान नहीं होने के कारण कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।

पहले भी सौंप चुके हैं ज्ञापन

संघ अध्यक्ष तुलसीराम मार्को ने बताया कि मांगों को लेकर पूर्व में भी जिला स्तर पर ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के चलते संघ ने एक बार फिर शासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित कराया है।

30 और 31 अक्टूबर से आंदोलन की चेतावनी

कोटवार संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान नहीं किया गया, तो 30 और 31 अक्टूबर से भोपाल में आंदोलन शुरू किया जाएगा। संघ के अनुसार, इस आंदोलन में प्रदेशभर के लगभग 38 हजार कोटवार शामिल हो सकते हैं। मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन सत्याग्रह और काम बंद हड़ताल भी की जाएगी।

Comments are closed.

Exit mobile version