सतना मध्य प्रदेश
सतना 29 अक्टूबर 2026/नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के दिशा-निर्देशानुसार नगर पालिक निगम सतना द्वारा फीडबैक फाउंडेशन चौरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से होटल रिवर व्यू में थोक अपशिष्ट उत्पादक प्रतिनिधियों की एक दिवसीय क्षमतावर्धन कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रशिक्षक आशीष विश्वास ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अंतर्गत थोक अपशिष्ट उत्पादकों के दायित्वों, ऑनलाइन पंजीयन, कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, वैज्ञानिक प्रसंस्करण एवं सुरक्षित निस्तारण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 20 हजार वर्ग मीटर या अधिक क्षेत्रफल वाले भवन, प्रतिदिन 40 हजार लीटर या अधिक पानी की खपत तथा 100 किलोग्राम या अधिक दैनिक ठोस कचरा उत्पादन जैसे मानदंडों के आधार पर संस्थानों को थोक अपशिष्ट उत्पादक की श्रेणी में रखा जाता है। प्रतिभागियों को गीले कचरे के परिसर में प्रसंस्करण, अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से कचरा प्रबंधन, वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा कर्मचारियों एवं उपयोगकर्ताओं को जागरूक करने संबंधी दायित्वों से अवगत कराया गया। नगर निगम की ओर से पंजीयन, तकनीकी मार्गदर्शन, अधिकृत संग्रहण एवं नियमों के पालन में सहयोग की जानकारी भी दी गई। अंत में प्रतिभागियों से फीडबैक लिया गया तथा प्रमाणपत्र वितरण और सामूहिक छायाचित्र के साथ कार्यशाला का समापन हुआ।
प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो







