डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
डिंडोरी। महावीर जयंती के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय डिंडोरी में जैन समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकालकर भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह जैन मंदिर से प्रारंभ हुई शोभायात्रा नगर के मुख्य बाजार मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां समापन हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महावीर के विधिवत अभिषेक और पूजन के साथ हुई। इसके पश्चात भगवान महावीर को सुसज्जित पालकी में विराजमान कर पूरे नगर का भ्रमण कराया गया। शोभायात्रा में छोटे-बड़े, महिला-पुरुष सभी हाथों में ध्वज लिए शामिल हुए, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहे।
शोभायात्रा में धार्मिक झांकियों के माध्यम से भगवान महावीर के जीवन प्रसंगों को जीवंत किया गया। विशेष रूप से भगवान महावीर के माता-पिता की भूमिका में डॉ. सुनील जैन एवं रेखा जैन रथ पर विराजमान रहे। वहीं सौधर्म इंद्र के रूप में प्रवीण जैन एवं मीना जैन तथा कुबेर के रूप में कैलाश चंद्र जैन एवं मीना रानी जैन ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।
पूरे आयोजन के दौरान भगवान महावीर के उपदेश—अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह, अस्तेय और ब्रह्मचर्य—का स्मरण करते हुए “जियो और जीने दो” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। श्रद्धालुओं ने जयकारों और भक्ति गीतों के साथ नगर को धर्ममय बना दिया।
शोभायात्रा में जैन समाज के अधिवक्ता सम्यक जैन, सीए रितेश जैन, पार्षद रितेश जैन, सत्येंद्र जैन, पिंटू जैन, अमित जैन, अभिषेक जैन, ऋषि जैन, सुशांत जैन, रक्षित जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चों की सहभागिता रही।
पूरे आयोजन को सफल बनाने में जैन समाज के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा, वहीं कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा एवं व्यवस्था में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
