WhatsApp Image 2026 03 14 at 17.01.56

​रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवपुरी स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 4 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला और उसका पुरुष साथी शामिल है, जिन्होंने खरीदारी के बहाने दुकान से लाखों के जेवरात पार कर दिए थे।
​शातिर तरीके से दिया वारदात को अंजाम
घटना 12 मार्च 2026 की है, जब आरोपी महिला कमलेश्वरी साहू और उसका साथी मेषराम साहू देवपुरी स्थित एक ज्वेलरी शॉप पर रानी हार खरीदने के बहाने पहुंचे। महिला ने चालाकी दिखाते हुए सोने का रानी हार, चांद बाली, अंगूठी और चांदी के जेवरात पहन लिए और सहेली के पैसे लेकर आने का बहाना बनाकर दुकान से बाहर निकल गई। संदेह होने पर जब साथ आए युवक मेषराम साहू से पूछताछ की गई, तो उसने भागने की कोशिश की, जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना टिकरापारा में बीएनएस की धारा 305 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
​पुलिस की त्वरित घेराबंदी और रिकवरी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला आरोपी का पीछा किया। दुर्ग पुलिस के समन्वय से फरार महिला को दुर्ग से घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया संपूर्ण मशरूका, जिसमें सोने का रानी हार, अंगूठी और चांदी के जेवर शामिल हैं, बरामद कर लिया गया है। जब्त किए गए जेवरात और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की कुल कीमत लगभग 5,33,000 रुपये आंकी गई है।
​पुलिस टीम का विशेष योगदान
इस त्वरित कार्यवाही में उप निरीक्षक बालेश्वर लहरे, प्रधान आरक्षक दानेश्वर साहू, महिला प्रधान आरक्षक सरोज वर्मा, और आरक्षक सुरजीत सेंगर सहित अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी विस्तृत पूछताछ कर रही है ताकि क्षेत्र में सक्रिय अन्य गिरोहों का पर्दाफाश किया जा सके।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version