जुन्नारदेव एकलव्य विद्यालय के छात्रावास से दो छात्र लापता, चार घंटे की तलाश के बाद मिले
छात्रावास की दीवार फांदकर निकले थे दोनों छात्र, पुलिस ने रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद किया

जुन्नारदेव। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जुन्नारदेव के छात्रावास से कक्षा सातवीं में अध्ययनरत दो छात्र अचानक लापता हो गए। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे दोनों छात्र छात्रावास की दीवार फांदकर बाहर निकल गए। घटना की जानकारी सामने आने के बाद छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। हालांकि, पुलिस की तत्परता से करीब चार घंटे की तलाश के बाद दोनों छात्रों को सुरक्षित ढूंढ लिया गया और उनके माता-पिता को सौंप दिया गया।

🖊️प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र सुबह छात्रावास से निकलकर ट्रेन के माध्यम से छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। बाद में वे पातालकोट ट्रेन से नवेंगांव की ओर लौट रहे थे। मामले की जानकारी मिलते ही एसडीओपी सोनम पाटिल के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर दोनों छात्रों की तलाश शुरू की गई। पुलिस को सूचना मिली कि दोनों छात्र ट्रेन से छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचे हैं। इसके बाद पुलिस ने नवेंगांव रेलवे स्टेशन पर तलाश करते हुए दोनों छात्रों को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया।
पुलिस टीम की तत्परता से मिली सफलता
इस कार्रवाई में जुन्नारदेव थाने के उपनिरीक्षक मुकेश डोंगरे जी, आरक्षक संतोष धुर्वे, साइबर सेल के आरक्षक आदित्य रघुवंशी तथा नवेंगांव थाना प्रभारी राजन उईके एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की सक्रियता के चलते दोनों छात्रों को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
🖊️घटना के बाद छात्रावास में बच्चों की निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में छात्रावास प्रबंधन के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना आवश्यक हो गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
🖊️बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए छात्रावास में सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, निगरानी व्यवस्था और प्रवेश-निकास संबंधी नियमों की जांच किए जाने की आवश्यकता है।
राष्ट्रीय समाचार पत्रिका पुलिस वाला असेंबली रिपोर्टर भगवानदास साहू

Leave A Reply

Exit mobile version