
मनेंद्रगढ़ में 18.43 करोड़ की लागत से बनेगा नवीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन
चैनपुर उपजेल के समीप हुआ भूमिपूजन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने फावड़ा चलाकर किया कार्यारंभ; 22 माह की समयसीमा, मंत्री ने 18 माह में निर्माण पूरा करने के दिए निर्देश
एमसीबी,मनेंद्रगढ़, 16 अगस्त। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के प्रशासनिक ढांचे को नई मजबूती देने की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मनेंद्रगढ़ के चैनपुर उपजेल भवन के समीप नवीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन के निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमिपूजन कर कार्यारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रहे। उन्होंने पूजा-अर्चना के बाद फावड़ा चलाकर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की।
सूचना के अनुसार संयुक्त जिला कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 18 करोड़ 43 लाख 18 हजार रुपये की लागत निर्धारित की गई है। कार्य के लिए 22 माह की समयावधि निर्धारित है। हालांकि कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए 18 माह के भीतर भवन पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन का नया केंद्र बनेगा संयुक्त कार्यालय भवन
नवीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन के निर्माण से जिले के विभिन्न विभागों के कार्यालयों को एकीकृत परिसर में बेहतर प्रशासनिक सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है। मंत्री ने कहा कि यह स्थान आने वाले समय में जिले के प्रशासनिक और विकास कार्यों का महत्वपूर्ण केंद्र बनने जा रहा है। एक ही परिसर से विभिन्न विभागों के कार्यों के संचालन से आम लोगों को भी प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलने की संभावना है।
‘सिद्ध बाबा की मर्जी से विकास की गंगा बह रही’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि “सिद्ध बाबा की मर्जी से यहां विकास की गंगा बह रही है।” उन्होंने कहा कि मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक वातावरण बना है और यह स्थान आने वाले समय में जिले का हॉटस्पॉट बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि संयुक्त जिला कार्यालय भवन के निर्माण की शुरुआत जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
मंत्री ने कहा कि 15 अगस्त को इसकी घोषणा हुई थी और 15 अगस्त को ही निर्माण कार्य की शुरुआत होना अपने आप में विशेष बात है। उन्होंने कहा कि जिले के गठन के बाद शुरुआती दौर में प्रशासनिक स्तर पर कलेक्टर और एसपी के अलावा हमे कुछ नहीं मिला था लेकिन भाजपा सरकार में अब जिले में आवश्यक अधोसंरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है।
‘एमसीबी में एक ईंट भी रखी हो तो बताएं’
स्वास्थ्य मंत्री ने विपक्ष पर चुटकी लेते हुए कहा कि जिले में विकास के लिए बुनियादी अधोसंरचना तैयार करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एमसीबी जिले में विकास कार्यों को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन क्या विपक्ष अपने पांच साल में एमसीबी में एक भी ईट रखी थी? हाईवे में संयुक्त जिला कलेक्टर कार्यालय निर्माण को लेकर भी उन्होंने कहा कि यदि निर्माण के लिए हाइवे की बात है तो उसमें कोई दिक्कत नहीं है। संयुक्त जिला कार्यालय भवन को कंपोजिट बिल्डिंग के रूप में विकसित किया जाना है, जिसके लिए यह स्थान उपयुक्त पाया गया और अब निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है।
22 माह की समयसीमा, मंत्री ने मांगा 18 माह में काम
सूचना पटल पर दर्ज जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य की अनुबंध राशि 1843.18 लाख रुपये अर्थात करीब 18.43 करोड़ रुपये है। अनुबंध क्रमांक 63/DL/2025-26 तथा कार्यादेश की तिथि 11 मार्च 2026 दर्ज है। अनुबंध के अनुसार कार्य की समयावधि 22 माह रखी गई है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य में गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय से पहले, 18 माह में भवन निर्माण पूरा किया जाए।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, धर्मेंद्र पटवा, आशीष सिंह, सरजू यादव, राहुल सिंह, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र पाल सहित बड़ी संख्या में जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
नवीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन के निर्माण की शुरुआत को एमसीबी जिले में प्रशासनिक अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। भवन के पूर्ण होने के बाद जिले के विभिन्न विभागों के कार्यालयों के एकीकृत संचालन से प्रशासनिक कार्यों में समन्वय बढ़ने और आम जनता को सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
मुख्य तथ्य
परियोजना: नवीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन, एमसीबी
स्थान: चैनपुर उपजेल के समीप, मनेंद्रगढ़
अनुमानित लागत: 1843.18 लाख रुपये (लगभग 18.43 करोड़)
अनुबंध अवधि: 22 माह
मंत्री का निर्देश: 18 माह में निर्माण पूर्ण करें
अनुबंध क्रमांक: 63/DL/2025-26
कार्यादेश तिथि: 11 मार्च 2026
बरसते पानी के बीच भी जारी रहा मंत्री का संबोधन, बोले—‘मेघ देव भी अपना आशीर्वाद हमें दे रहे हैं’
कार्यक्रम के दौरान मौसम ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बरसते पानी के बीच स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का संबोधन जारी रहा। बारिश के बावजूद मंत्री ने अपना भाषण पूरा किया और मौके पर मौजूद लोगों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि “मेघ देव भी अपना आशीर्वाद हमें दे रहे हैं।” मंत्री के इस कथन के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में उत्साह देखने को मिला।
मंत्री ने कहा कि यह शुभ अवसर है और ऐसे समय में बारिश होना सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि सिद्ध बाबा की मर्जी से क्षेत्र में विकास की गंगा बह रही है और अब मेघ देव का आशीर्वाद भी मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निर्माण भी निर्धारित समय से पहले पूरा होगा और यह परिसर आने वाले समय में एमसीबी जिले के प्रशासनिक संचालन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
चिरमिरी से कलेक्टर कार्यालय की दूरी होगी कम
नवीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन के निर्माण से चिरमिरी सहित जिले के दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी प्रशासनिक कामकाज के लिए सुविधा मिलेगी। वर्तमान में जिला मुख्यालय से जुड़े कार्यों के लिए चिरमिरी क्षेत्र के लोगों को अपेक्षाकृत लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। नए संयुक्त जिला कार्यालय भवन के संचालन में आने के बाद चिरमिरी से कलेक्टर कार्यालय की दूरी कम होगी, जिससे आम नागरिकों का समय और आवागमन का खर्च बचेगा। मंत्री ने कहा कि यह भवन केवल सरकारी कार्यालयों का परिसर नहीं, बल्कि पूरे जिले के प्रशासनिक संचालन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
रिपोर्ट – योगेन्द्र प्रताप सिंह ब्यूरो चीफ

