सुकमा पुलिस की कार्रवाई, 2.07 लाख रुपये नगद, 7 मोबाइल और 52 पत्ती ताश जब्त।
सुकमा। जिले में अवैध गतिविधियों और जुआ-सट्टा के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर (IPS) के निर्देश पर थाना सुकमा कोतवाली पुलिस ने जंगल में जुआ खेल रहे 7 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹2 लाख 7 हजार 620 रुपये नगद सहित कुल ₹2 लाख 77 हजार 620 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस को 15 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विशाल ढाबा के पश्चिम दिशा में खेत और जंगल के अंदर स्थित लाड़ी में कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान 7 जुआरियों को पकड़ा गया, जबकि कुछ लोग मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों में विनोद कुमार पेद्दी, राहुल नेताम, राजेन्द्र, लोकेन्द्र सिंह, कमलेश कुमार, महेश कुमार और नागेश्वर देवांगन शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से ₹2,07,620 नगद, 7 मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹70 हजार), 52 पत्ती ताश की एक गड्डी और एक चटाई जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत ₹2,77,620 आंकी गई है।
मामले में थाना सुकमा कोतवाली में अपराध क्रमांक 95/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई। मामला जमानतीय होने के कारण सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर उन्हें जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







