एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर कार्रवाई, 82 हजार रुपये कीमत के गोवंश सुरक्षित बरामद।
धमतरी। जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में मेचका पुलिस ने जंगल के रास्ते बड़ी संख्या में गोवंश को ओडिशा ले जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 32 गोवंश बरामद कर सुरक्षित संरक्षण में लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग ग्राम अरसीकन्हार से खालगढ़ मार्ग होते हुए बड़ी संख्या में मवेशियों को बिना पर्याप्त चारा-पानी दिए लाठी-डंडों से हांकते हुए नवरंगपुर, ओडिशा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर मेचका पुलिस ने अरसीकन्हार-खालगढ़ मार्ग पर नहर से करीब 500 मीटर आगे जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की।
पुलिस टीम ने मौके पर तीन व्यक्तियों को मवेशियों को हांकते हुए पकड़ लिया। पूछताछ और मौके की कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से कुल 32 गोवंश बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत 82 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में घनश्याम सेन (40), पिता रामलाल सेन, निवासी ग्राम जोबा, थाना सिटी कोतवाली, जिला गरियाबंद। देवशरण (52), पिता रामलाल गाड़ा, निवासी ग्राम केराबाहरा, थाना सिटी कोतवाली, जिला गरियाबंद। ओंकार ठाकुर (32), पिता लखेश्वर ठाकुर, निवासी ग्राम जोबा, थाना सिटी कोतवाली, जिला गरियाबंद। शामिल हैं।
बरामद 32 गोवंश में 13 गाय, 6 बछड़े, 12 छोटे बच्चे तथा एक बैल शामिल है। पुलिस ने सभी पशुओं को सुरक्षित संरक्षण में लिया है।
मामले में थाना मेचका में अपराध क्रमांक 08/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(d) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध पशु तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव,
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
