संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात, ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी
छिंदवाड़ा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए छिंदवाड़ा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडेय के निर्देशन में मंगलवार को जिले के विभिन्न थानों एवं पुलिस लाइन के संयुक्त बल ने शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च पुलिस लाइन परिसर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील इलाकों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन मार्ग और मुख्य बाजार क्षेत्रों से होकर गुजरा। पुलिस बल की मौजूदगी के माध्यम से आम नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना मजबूत करने के साथ ही असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया गया।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी
पुलिस के अनुसार त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, फिक्स पिकेट्स एवं मोबाइल पेट्रोलिंग टीमें तैनात रहेंगी। इन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी। आवश्यकता के अनुसार ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले उपद्रवियों एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर
त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों एवं भ्रामक संदेशों को लेकर साइबर सेल द्वारा निगरानी की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट खबर या अफवाह पर विश्वास न करें और उसे आगे शेयर करने से बचें।
पुलिस ने आमजन से शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की है। साथ ही किसी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु अथवा असामान्य गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को देने को कहा है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षित शहर और शांतिपूर्ण त्योहार उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला _,अमित मिश्रा

