जागृति रथ एवं जनजागरूकता रैली आईजी जबलपुर जोन श्री प्रमोद वर्मा व डीआईजी छिंदवाड़ा जोन श्री राकेश सिंह  द्वारा हरी झंडी दिखाकर दिया नशामुक्त समाज का संदेश,

 

 छात्र-छात्राओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के संकल्प के साथ छिंदवाड़ा पुलिस द्वारा आज “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया। अभियान के तहत जागृति रथ, जनजागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, शपथ एवं जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

 

मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0″अभियान के अंतर्गत श्री प्रमोद वर्मा एवं श्री राकेश सिंह के निर्देशन में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य समाज में नशे के विरुद्ध सकारात्मक वातावरण निर्मित करते हुए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित करना है।

 

इसी क्रम में आज श्री प्रमोद वर्मा एवं श्री राकेश सिंह द्वारा जागृति रथ एवं जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली बस स्टैंड, फव्वारा चौक, सत्कार चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली तथा आमजन को नशामुक्त जीवन का संदेश देते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई।

 

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति की सेहत ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, भविष्य और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने जीवनभर किसी भी प्रकार का नशा न करने, तंबाकू, गुटखा, सिगरेट, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने तथा समाज को नशे के विरुद्ध जागरूक करने का संकल्प लिया।

 

अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने नशामुक्ति संबंधी *प्रेरक नारे लगाए, नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रभावी संदेश दिए, प्रमुख चौक-चौराहों पर जागरूकता पोस्टर लगाए तथा आमजन को पंपलेट वितरित किए। वहीं जागृति रथ से प्रसारित संदेशों एवं नशामुक्ति गीतों के माध्यम से नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री प्रमोद वर्मा, उप पुलिस महानिरीक्षक छिंदवाड़ा श्री राकेश सिंह, कलेक्टर श्री हरेन्द्र नारायण, पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडे, आठवीं बटालियन सेनानी श्रीमती निवेदिता गुप्ता, एसडीएम श्री सुधीर जैन, सीएसपी अजय राणा, डीएसपी यातायात श्री रामेश्वर चौबे, रक्षित निरीक्षक श्री आशीष तिवारी,यातायात प्रभारी सूबेदार लोहित शेंडे, थाना प्रभारी कोतवाली श्री आशीष धुर्वे, थाना प्रभारी कुंडीपुरा श्री महेंद्र भगत, अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी काफी संख्या में उपस्थित रहे तथा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, कलेक्ट्रेट कार्यालय, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, ब्रह्माकुमारी संस्थान, नशा मुक्ति केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।

 

छिंदवाड़ा पुलिस द्वारा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत आगामी 30 जुलाई तक जिलेभर में *रैली, जनसंवाद, शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, शपथ एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से* व्यापक जनजागरूकता अभियान सतत संचालित किया जाएगा, जिससे प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी एवं स्थायी जनआंदोलन विकसित किया जा सके।

ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला _अमित मिश्रा

Leave A Reply