छिंदवाड़ा धरमटेकडी पुलिस की कार्यवाही:चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
छिंदवाड़ा। पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री अजय राणा के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कुण्डीपुरा व चौकी धरमटेकड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी कुण्डीपुरा उपनिरीक्षक महेन्द्र भगत एवं चौकी प्रभारी धरमटेकड़ी उपनिरीक्षक अविनाश पारधी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी सुरेन्द्र पवार निवासी श्रीवास्तव कॉलोनी छिंदवाड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 अप्रैल 2026 की मध्य रात्रि में उसकी होंडा शाइन मोटरसाइकिल (क्रमांक MP20 NH 3551) अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। इस पर थाना कुण्डीपुरा में अपराध क्रमांक 239/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर अर्जुन कुशवाहा (22) निवासी हीमराढाना व शिवा परतेती (18) निवासी परतला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने श्रीवास्तव कॉलोनी, जिला अस्पताल परिसर एवं सिंगोड़ी बस स्टैंड से तीन मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्न मोटरसाइकिलें बरामद की हैं—
होंडा शाइन (काला रंग) MP20 NH 3551
हीरो आई स्मार्ट (सिल्वर-लाल) MP28 MN 8951
हीरो मोटरसाइकिल (काला रंग) MP28 F 2967
बरामद मशरूका की कुल कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल छिंदवाड़ा भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना कुण्डीपुरा एवं चौकी धरमटेकड़ी के पुलिस स्टाफ के साथ साइबर सेल की टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला _अमित मिश्रा

