ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला PRESS _अमित मिश्रा 

छिंदवाड़ा ।  मोहखेड़ थाना क्षेत्र के देवर्धा गांव में दिनदहाड़े लाखों रुपये की चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये की नगदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया, लेकिन सूचना के बाद भी पुलिस की लापरवाही सामने आई है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ आवेदन लेकर औपचारिकता निभा दी, मौके पर पहुंचकर जांच तक शुरू नहीं की।

देवर्धा निवासी पवन मालवीय ने बताया कि गुरुवार दोपहर वह अपने परिवार के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी दौरान दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उसके घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने अलमारी के लॉकर में रखे मक्का बिक्री के करीब 3 लाख रुपये नगद और करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।

पवन मालवीय ने बताया कि जब वह करीब 4 बजे घर लौटा तो दरवाजे का ताला टूटा मिला और अलमारी का लॉकर खुला हुआ था। अंदर रखी नगदी और जेवर गायब थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद डायल 112 मौके पर पहुंची, लेकिन उमरानाला चौकी से कोई भी पुलिसकर्मी अब तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचा।

पीड़ित का आरोप है कि चौकी में शिकायत करने पर पुलिस ने सिर्फ आवेदन लेकर खानापूर्ति कर दी, लेकिन अब तक मौके पर पहुंचकर जांच शुरू नहीं की गई है। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी से गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।

Leave A Reply