अमित मिश्रा_ ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला ,,,,,कुंडीपुरा पुलिस ने रैकी कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम सहित वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साईधाम कॉलोनी सोनपुर रोड निवासी कमलेश सूर्यवंशी (37) ने चौकी धरमटेकरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 फरवरी 2026 की रात करीब 9:35 बजे वह अमरवाड़ा और हर्रई क्षेत्र से मोबाइल बिक्री की 2,53,400 रुपये की वसूली रकम लेकर एक्टिवा (MP 28 SC-3824) से छिंदवाड़ा लौट रहे थे।
जब वह झिरी जमुनिया स्थित दिल्ली दरबार ढाबा के पास मुख्य सड़क पर पहुंचे, तभी एक कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क किनारे गिर गए। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक पहुंचे और उनमें से एक आरोपी उनकी एक्टिवा, जिसकी डिक्की में पूरी वसूली की रकम रखी थी, लेकर छिंदवाड़ा-बनगांव की ओर भाग गया। बाकी आरोपी भी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और छिंदवाड़ा–नरसिंहपुर रोड के सीसीटीवी कैमरों की जांच, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस ने अमरवाड़ा क्षेत्र से रघु उर्फ यशवंत वर्मा, रामकुमार उर्फ मोनू वर्मा, प्रद्दुम्न उर्फ विस्तु वर्मा, विजय अहरवार और संदीप भलावी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पांचों आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2,01,000 रुपये नकद, लूटी गई एक्टिवा, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, एक स्विफ्ट कार और 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक महेन्द्र भगत, चौकी प्रभारी अविनाश पारधी, सउनि जगदीश ठाकुर, प्रधान आरक्षक रविन्द्र ठाकुर, अरुण शर्मा, आरक्षक जीवन रघुवंशी, दुर्गा बरकड़े, गजानंद मर्रापे, चन्द्रकुमार, चन्द्रपाल, आलम तथा साइबर सेल के नितिन सिंह और आदित्य रघुवंशी की विशेष भूमिका रही।
