ग्राम छटन में आयोजित हुआ जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर

मांगों एवं शिकायतों से संबंधित 180 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए

कलेक्टर ने जल संरक्षण के महत्व पर दिया जोर

बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अत्यंत आवश्यक: कलेक्टर

मुंगेली 09 अप्रैल 2026// मुंगेली विकासखंड के ग्राम छटन स्थित हाइस्कूल मैदान में आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा योजनाओं से संबंधित आवेदन भी लिए गए। समाधान शिविर में मांग एवं शिकायत से संबंधित 180 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, इन आवेदनों का नियमानुसार निराकरण किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की गई और शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
शिविर के दौरान कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आमजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम सारंगपुर के देवेश कोशले द्वारा पेयजल समस्या रखे जाने पर कलेक्टर ने नल-जल योजना के तहत आवश्यक व्यवस्था करने एवं वैकल्पिक समाधान सुनिश्चित करने निर्देशित किया। साथ ही ग्राम पंचायत डोड़ा में तीन दिवस के भीतर नल-जल योजना प्रारंभ करने तथा सेमरकोना में जल योजना का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण की जानकारी लेते हुए ग्राम छटन के जीवनलाल द्वारा स्वयं के व्यय से शौचालय निर्माण किए जाने की सराहना की। वहीं अन्य ग्रामीणों द्वारा शौचालय की मांग पर तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत ग्राम पंचायत डोडा एवं लालपुर में आंगनबाड़ी भवन निर्माण की मांग पर जांच कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य विभाग को राशन कार्ड एवं ई-केवाईसी से संबंधित समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने तथा सभी पात्र हितग्राहियों को पीडीएस के तहत खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिविर में ग्राम छटन के अभिषेक द्वारा खेल कोच की मांग पर कलेक्टर ने युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध कराने की बात कही। वहीं फास्टरपुर की ताइक्वांडो खिलाड़ी नीलिमा दिवाकर को खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहन एवं आर्थिक सहयोग के लिए आवेदन प्रस्तुत करने कहा।
कलेक्टर ने जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पानी बनाया नहीं जा सकता, इसे केवल बचाया जा सकता है। उन्होंने रेन वाटर हार्वेस्टिंग, शॉक पिट, चेकडैम एवं डबरी निर्माण को बढ़ावा देने प्रेरित किया। कलेक्टर ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समाज एवं अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के प्रति सजग रहना होगा। लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अत्यंत आवश्यक है।
जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने कहा कि शिविर का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रत्येक आवेदन की जांच कर शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। आपको अपनी समस्या के समाधान के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शिविर के माध्यम से नागरिक समस्या का त्वरित समाधान मिलेगा। जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और आमजनों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने प्रोत्साहित किया।

विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामाग्री वितरण कर किया गया लाभान्वित

शिविर में विभिन्न हितग्राहियों को सामग्री वितरण कर लाभान्वित किया गया। इनमें 05 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चाबी वितरण किया गया। इसी तरह जय मां सरस्वती महिला स्व सहायता समूह को आइस बॉक्स, 06 श्रम कार्ड और 10 लखपति दीदीयों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रजनी मानिक सोनवानी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

राज शेखर यादव
ब्यूरो चीफ पुलिसवाला मुंगेली

Leave A Reply

Exit mobile version