2012 बैच के IAS रणबीर शर्मा बने जिले के 14वें कलेक्टर, शासन की योजनाओं का शत–प्रतिशत क्रियान्वयन और जनकल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता
गरियाबंद। गरियाबंद जिले को शुक्रवार को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिला। 2012 बैच के आईएएस अधिकारी श्री रणबीर शर्मा ने जिला कार्यालय पहुंचकर गरियाबंद के 14वें कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान कलेक्टर श्री बीएस उइके से औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर श्री उइके ने पुष्पगुच्छ भेंटकर श्री शर्मा को नवीन दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण के पश्चात जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पुष्पगुच्छ भेंटकर नवनियुक्त कलेक्टर का आत्मीय स्वागत किया। श्री शर्मा ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रारंभिक जानकारी ली।
गौरतलब है कि कलेक्टर रणबीर शर्मा इससे पूर्व संचालक, समाज कल्याण के महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन कर रहे थे। प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता के साथ अब उन्हें गरियाबंद जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
‘योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन ही प्राथमिकता’
पदभार संभालते ही कलेक्टर श्री शर्मा ने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत और बेहतर क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिले में विकास की गति को और तेज करने तथा प्रशासन को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने पर भी उन्होंने जोर दिया।
इसके उपरांत कलेक्टर श्री शर्मा ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर जिले की प्रशासनिक एवं विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के कार्यों, योजनाओं की प्रगति और आगामी प्राथमिकताओं पर प्रारंभिक चर्चा की।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, नवीन भगत सहित समस्त एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
नए कलेक्टर के पदभार ग्रहण के साथ गरियाबंद में प्रशासनिक नेतृत्व का नया अध्याय शुरू हुआ है। अब जिलेवासियों की नजरें विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उनके नेतृत्व में होने वाले कार्यों पर टिकी हैं।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो पुलिस वाला न्यूज गरियाबंद
