पुलिस पर गंभीर आरोप, परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की
कटनी
कटनी। कुठला थाना परिसर में आग से गंभीर रूप से झुलसे दलपत पटेल की उपचार के दौरान मौत के बाद कटनी में आक्रोश भड़क उठा। शनिवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने इंदिरा नगर तिराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने कुठला थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों का आरोप है कि दलपत पटेल पर पुलिस की ओर से दबाव और प्रताड़ना की गई, जिसके चलते उसने कथित तौर पर थाना परिसर में खुद को आग लगा ली।
दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग
परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि जब तक मामले में उचित कार्रवाई और न्याय का भरोसा नहीं मिलता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
मौके पर पुलिस बल तैनात
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। फिलहाल इंदिरा नगर तिराहे पर पुलिस बल तैनात है और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, दलपत पटेल की मौत से जुड़े पूरे घटनाक्रम और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
✍️*पुलिस वाला न्यूज़ कटनी से संभाग ब्यूरो पारस गुप्ता की रिपोर्ट*
