रायपुर। अपराध एवं संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा चलाए जा रहे रात्रि गश्त अभियान के दौरान पुलिस टीम ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल की है। बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में थाना मौदहापारा में पहले से चोरी का अपराध दर्ज था।
रात्रि गश्त के दौरान यातायात थाना प्रभारी अम्बरीश शर्मा एवं पुलिस पेट्रोलिंग टीम में शामिल आर. गोपाल सिदार जेल रोड स्थित मेकाहारा अस्पताल के सामने पहुंचे। इस दौरान सड़क किनारे एक व्यक्ति बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठा दिखाई दिया। मोटरसाइकिल की सामने की नंबर प्लेट टूटी हुई थी और पीछे की ओर ही नंबर प्लेट लगी थी।
पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल को मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस टीम ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाने लाया गया।
वाहन के पीछे दर्ज नंबर के आधार पर ऑनलाइन पोर्टल एवं पुलिस रिकॉर्ड से तकनीकी जांच की गई। वाहन स्वामी से संपर्क करने पर पता चला कि बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल 27 सितंबर 2026 को चोरी हुई थी और इस संबंध में थाना मौदहापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जांच में वाहन के संबंध में अपराध क्रमांक 158/2026 पंजीबद्ध होना पाया गया।
यातायात पुलिस द्वारा बरामद मोटरसाइकिल को आगे की वैधानिक एवं विवेचना कार्रवाई के लिए थाना मौदहापारा के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं मौके से फरार संदिग्ध व्यक्ति की पहचान और पतासाजी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
