कांकेर पुलिस ने ‘Cop of the Month’ से बढ़ाया जवानों का मान, SP ने किया सम्मानित
कांकेर। जिला उत्तर बस्तर कांकेर में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी व संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा ने माह फरवरी 2026 के लिए ‘Cop of the Month’ सम्मान की घोषणा की है। पुलिस कार्यालय में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान एसपी ने उत्कृष्ट सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और जटिल प्रकरणों को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस माह के सम्मान के लिए चयनितों में निरीक्षक जितेन्द्र गुप्ता (थाना कोरर) को अपराध निराकरण और वारंट तामीली, उप निरीक्षक आलोक सुबोध (थाना अंतागढ़) को एनडीपीएस एक्ट में प्रभावी बरामदगी तथा सहायक उप निरीक्षक गंगाराम शोरी (चौकी दुधावा) को हत्या के आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी हेतु चुना गया। वहीं, सहायक उप निरीक्षक बुधारू राम मरकाम (थाना नरहरपुर) को हत्या के विभिन्न प्रकरणों में उत्कृष्ट विवेचना, आरक्षक 1054 चंदन कुलदीप (थाना गोण्डाहुर) को वन्य जीव संरक्षण व आर्म्स एक्ट के मामले में विशेष कार्य और आरक्षक 1241 यशवंत मंडावी (थाना बांदे) को गांजा व आबकारी एक्ट के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के लिए यह गौरव प्राप्त हुआ है। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुरस्कृत कर्मियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाना और उन्हें जनसेवा के प्रति और अधिक समर्पित करना है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव ,
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

