कलेक्टर ने स्वामी आत्मानंद स्कूल लालपुरथाना का किया निरीक्षण

आधार पंजीयन एवं बायोमैट्रिक अपडेट कार्य का लिया जायजा

स्कूल परिसर में गंदगी पर जताई गहरी नाराजगी, प्राचार्य पर कार्रवाई के निर्देश

मुंगेली, 20 मार्च 2026// कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज स्वामी आत्मानंद स्कूल लालपुरथाना का औचक निरीक्षण कर आधार पंजीयन एवं बायोमैट्रिक अपडेट कार्य की समीक्षा की। उन्होंने आधार कार्ड बनने की प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से एमबीयू (मोबाइल बायोमेट्रिक यूनिट) के उपयोग और इसके लाभों की जानकारी ली। साथ ही निजी स्कूलों के बच्चों का भी आधार पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 7वीं एवं 8वीं के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, परीक्षा परिणाम एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्राचार्य को विद्यार्थियों की पढ़ाई और दैनिक दिनचर्या पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में गंदगी पाए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्राचार्य मालिकराम बर्मन को नोटिस जारी करने, एक सप्ताह का वेतन काटने तथा सफाईकर्मी परमेश्वर कुमार को बर्खास्त करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय की बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए भी कहा। निरीक्षण के दौरान स्कूल की खिड़कियां टूटी हुई एवं भवन की स्थिति जर्जर पाई गई। इस पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए प्राचार्य का निलंबन प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम को विद्यालय का नियमित निरीक्षण करने भी निर्देशित किया। कलेक्टर ने विद्यालय में अव्यवस्था, गंदगी एवं लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संकुल समन्वयक हेमसिंह नवरंग, प्रभारी बीईओ लोरमी श्रीमती मनीषा पाटले, बीआरसी श्री डी.सी. डाहिरे एवं संकुल शैक्षिक समन्वक को नोटिस एवं विभागीय जांच संस्थित करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

राज शेखर यादव
ब्यूरो चीफ पुलिसवाला मुंगेली

Leave A Reply

Exit mobile version