डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र में जुटे ग्रामीण, पोषण-स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा पर हुआ संवाद
शहपुरा/डिंडौरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत शहपुरा विकासखंड की ग्राम पंचायत करौंदी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देते हुए आंगनबाड़ी केंद्र से समुदाय की सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच दुर्गा बाई बनवासी, सुपरवाइजर संगीता बैरागी, आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 की कार्यकर्ता प्रमिला साहू एवं सहायिका सिया साहू प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। वहीं केंद्र क्रमांक-1 की कार्यकर्ता रंजना दुबे व सहायिका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं और बच्चों ने भी सहभागिता की।
आयोजन के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं से पोषण और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर संवाद किया गया, जबकि बच्चों की देखभाल, पोषण तथा प्रारंभिक शिक्षा के महत्व पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को आंगनबाड़ी केंद्र की सेवाओं से सीधे जोड़ने के साथ विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। उपस्थित महिलाओं को उपलब्ध योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ के जरिए विभाग ने सामुदायिक भागीदारी बढ़ाते हुए महिलाओं और बच्चों तक पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी सेवाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया।
