सुकमा(छत्तीसगढ़)
जिले की कमान संभालते ही पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) की अगुवाई में सुकमा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। नवपदस्थ एसपी के दिशा-निर्देशन और कड़े रुख के बाद जिले में नशा तस्करों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। इसी क्रम में थाना कोन्टा पुलिस ने ओडिशा से राजस्थान गांजा तस्करी कर रहे एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी प्रशांत देवांगन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कृष्ण मंदिर चौक, ढोंढरा में घेराबंदी की। नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध सफेद क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 110 पैकेटों में भरा 223.020 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बाजार में इस गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.11 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जांच में सामने आया कि तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी, जबकि वाहन का वास्तविक क्रमांक जांच के बाद उजागर हुआ।
पुलिस ने मौके से राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी दुर्गा शंकर खारोल, मनीष खारोल और रामदेव खारोल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, कार, तीन मोबाइल फोन और नकद राशि सहित कुल 1.27 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। थाना कोन्टा में एनडीपीएस एक्ट और बीएनएसएस की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है
एसपी मयंक गुर्जर के पदभार ग्रहण करते ही पुलिस की इस त्वरित और योजनाबद्ध कार्रवाई से तस्करों के मंसूबों पर पानी फिर गया है। इस पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक जितेंद्र वर्मा, कवासी शंकर, राकेश चांपा तथा आरक्षक सेमल श्रीनिवास, परमेश्वर ठाकुर, महेंद्र मरकाम, कुंडम दीपक और विपिन यादव का सराहनीय योगदान रहा। सुकमा पुलिस ने आम जनता से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव,
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
