ऑपरेशन साइबर शील्ड: रायपुर आईजी के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, सिम कार्ड के जरिए धोखाधड़ी करने वाले 7 आरोपी जेल दाखिल
छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधियों के खिलाफ जारी ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत रायपुर रेंज पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देशन में की गई इस बड़ी कार्यवाही में पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड बेचने वाले 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पीओएस (POS) एजेंट और संवर्धक शामिल हैं। ये आरोपी रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार और पश्चिम बंगाल से पकड़े गए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी सिम लेने आने वाले ग्राहकों का डबल थंब स्कैन या ई-केवाईसी के जरिए धोखे से अतिरिक्त सिम एक्टिवेट कर लेते थे, जिन्हें बाद में ऊंचे दामों पर साइबर ठगों को बेच दिया जाता था। इन फर्जी सिमों का उपयोग शेयर ट्रेडिंग, ऑनलाइन जॉब फ्रॉड, टेलीग्राम टास्क और म्यूल बैंक खातों के संचालन में किया जा रहा था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब थाना माना और आजाद चौक में दर्ज करीब 26.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी की विवेचना रेंज साइबर थाना द्वारा की गई। गिरफ्तार आरोपियों में सुदीप्त सासमल (बीरगांव), शिवनारायण साहू (बलौदाबाजार), जयंत लहरी (रिसाली), मनीष आहूजा (महावीर नगर), सुधीर जैन (खमतराई), कौशल प्रताप सिंह (जामुल) और विनोद वर्मा (पंडरी) शामिल हैं। पुलिस को आरोपियों से 300 से अधिक फर्जी सिम कार्ड के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिनका उपयोग देश के विभिन्न राज्यों में साइबर अपराधों के लिए किया गया है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजकर आगे के तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़
