धमतरी पुलिस ने ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अब तक का चौथा सबसे बड़ा अभियान चलाकर अपराधियों में हड़कंप मचा दिया है। आईजी रायपुर रेंज अमरेश कुमार मिश्रा के कुशल निर्देशन और एसपी धमतरी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के 150 स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई, जिसमें पुलिस की 30 अलग-अलग टीमों ने नशे के सौदागरों और गुंडा-बदमाशों पर कड़ा प्रहार किया। इस सघन कार्यवाही के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजा तस्करी में संलिप्त हेमंत पांडेय, गुलशन कुमार साहू, लिखेन्द्र कुमार साहू और भूपेंद्र साहू को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3.97 किलो गांजा बरामद किया गया है।

वहीं, आबकारी एक्ट के तहत अवैध शराब बेचने वाले तारकेश्वर उर्फ टाकू, गंगा राम कुंजाम, देव कुमार ध्रुव, देवंतीन ध्रुव, पप्पू सिन्हा और चमेली साहू सहित कुल 17 आरोपियों को दबोचा गया। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए रवि नायक उर्फ भूरी नायक के पास से एक देशी कट्टा और कारतूस भी जब्त किया है। अभियान के दौरान 30 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई और पकड़े गए असामाजिक तत्वों की पुलिस लाइन रूद्री में परेड कराकर उन्हें अपराध से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिले में शांति व्यवस्था और नशा मुक्ति के लिए ‘ऑपरेशन निश्चय’ आगे भी इसी तरह पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply