डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
तीन वारदातों का खुलासा, सोने-चांदी के आभूषण व स्कूटी सहित 1.66 लाख का माल बरामद
डिंडौरी। कोतवाली पुलिस ने चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ के बाद कोतवाली थाना क्षेत्र की तीन चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। आरोपियों की निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण, एक स्कूटी सहित अन्य सामान बरामद किया गया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 66 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में लंबे समय से लंबित सात स्थायी वारंट भी तामील किए गए।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा सिंह के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सतीश द्विवेदी व विवेक गौतम के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने चोरी की घटनाओं की जांच शुरू की। घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी सहायता ली गई। इसके आधार पर संदिग्धों की पहचान कर पुलिस ने शहपुरा निवासी शालू उर्फ इमरान खान पिता जलीलयार खान, उम्र 31 वर्ष और उसके साथी रवि कुमार को पकड़ा।
पूछताछ में तीन चोरी की वारदातों का खुलासा
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों से थाना कोतवाली में दर्ज चोरी के अन्य मामलों को लेकर पूछताछ की गई। इस दौरान कोतवाली क्षेत्र में दर्ज तीन प्रकरणों में चोरी की वारदात करना सामने आया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण एवं सामान, जिसकी अनुमानित कीमत 83 हजार रुपये है, तथा करीब 83 हजार रुपये कीमत की एक स्कूटी सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने कुल बरामद सामान की अनुमानित कीमत 1 लाख 66 हजार रुपये बताई है।
कोतवाली में चार सहित 7 स्थायी वारंट थे लंबित
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शालू उर्फ इमरान खान के खिलाफ पूर्व से विभिन्न थानों में न्यायालय द्वारा जारी कुल सात स्थायी वारंट लंबित थे। इनमें कोतवाली थाने के चार, समनापुर थाने के दो और शहपुरा थाने का एक फरारी वारंट शामिल है। गिरफ्तारी के साथ इन सभी वारंटों की विधिवत तामीली की गई।
पुलिस ने जबलपुर सहित आसपास के जिलों की पुलिस को भी आरोपियों के संबंध में सूचना दी है, ताकि अन्य क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की जांच की जा सके। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं पुलिस चोरी की वारदातों में सहयोग करने वाले अन्य साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस टीम की रही भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली दुर्गा प्रसाद नगपुरे, उपनिरीक्षक मुकेश बैरागी, सहायक उपनिरीक्षक अखिलेश श्रीवास, प्रधान आरक्षक रोहित पटेल, हेमंत झारिया, देवेंद्र पटले, सतेंद्र डहेरिया, आरक्षक प्रवेश पटेल, ब्रजेश मरावी, रामसिंह एवं शशिम अंकित की भूमिका रही।
