पोटाश बम से जंगली सूअर का शिकार करने वाले आरोपियों पर कसा शिकंजा, विस्फोटक सामग्री के मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के बाद न्यायालय ने भी नहीं दी राहत
गरियाबंद। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के अवैध शिकार और विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल के मामले में वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कस दिया है। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से लगे सीतानदी अभयारण्य के रिसगांव परिक्षेत्र अंतर्गत कक्ष क्रमांक 254 एवं 255, बिछलापानी क्षेत्र में पोटाश बम के जरिए जंगली सूअर के अवैध शिकार के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय से भी राहत नहीं मिली है। चार आरोपियों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा वन्यजीव शिकार के इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। जांच के दौरान पोटाश बम तैयार करने, विस्फोटक सामग्री उपलब्ध कराने और शिकार में संलिप्तता से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।
मामले में विस्फोटक पदार्थ पोटाश बम एवं संदिग्ध सामग्री के सप्लायर तथा मुख्य आरोपी भारत रामजी राठौर निवासी विश्रामपुरी, जिला कोंडागांव को 29 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल धमतरी भेज दिया।
वहीं, वन्यप्राणी जंगली सूअर (Wild Pig) के अवैध शिकार से जुड़े प्रकरण में वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-II के सरल क्रमांक 23 के तहत कार्रवाई की गई है।
न्यायालय से भी नहीं मिली राहत
वन विभाग की कार्रवाई के बाद आरोपियों की ओर से न्यायालय में जमानत आवेदन प्रस्तुत किए गए थे। सुनवाई के दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी व्यवहार न्यायालय नगरी ने 5 नवंबर 2026 को आरोपियों की जमानत याचिकाएं निरस्त कर दीं। वहीं, एक अन्य फरार आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका भी 3 नवंबर 2026 को सत्र न्यायालय धमतरी द्वारा खारिज कर दी गई।
वन्यजीव संरक्षण को लेकर सख्त संदेश
टाइगर रिजर्व जैसे संवेदनशील वन क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल से वन्यजीवों का शिकार करना न केवल गंभीर वन अपराध है, बल्कि जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण के लिए भी बड़ा खतरा है। वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शिकार में संलिप्त लोगों को स्पष्ट संदेश गया है कि संरक्षित वन क्षेत्रों में कानून से बच पाना आसान नहीं होगा।
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कार्रवाई की जानकारी दी है।
नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद
