उड़ीसा से गांजा तस्करी कर ला रहे दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 19.840 किलो गांजा सहित ₹10.52 लाख का माल जब्त
गरियाबंद। ऑपरेशन निश्चय के तहत गरियाबंद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा के दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना इंदागांव पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19.840 किलोग्राम अवैध गांजा, तस्करी में प्रयुक्त TVS NTORQ स्कूटी एवं दो मोबाइल फोन सहित कुल ₹10 लाख 52 हजार का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति उड़ीसा से स्कूटी क्रमांक OD 08 AC 8586 में गांजा लेकर इंदागांव की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके बैग से सेलो टेप में लिपटा गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भवानी शंकर नाईक (34 वर्ष) एवं मुकेश पटेल (34 वर्ष), दोनों निवासी जयपटना, जिला कालाहांडी, उड़ीसा के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से क्रमशः 8.940 किलो एवं 10.900 किलो गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जब्ती एक नजर में
अवैध गांजा – 19.840 किलो
TVS NTORQ स्कूटी
दो मोबाइल फोन
कुल जब्ती – ₹10.52 लाख
ऑपरेशन निश्चय के तहत गरियाबंद पुलिस की लगातार कार्रवाई से अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद
