भक्ति में सराबोर होगा दर्री, सिंघानिया परिवार कराएगा सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजनWhatsApp Image 2026 09 02 at 12.25.27 1

14 से 20 सितंबर तक श्री दुर्गा पंडाल में सजेगा आध्यात्मिक दरबार, वृंदावन धाम के पूज्य श्री हेमंत कृष्ण गोस्वामी जी करेंगे कथा वाचन
दर्री। धर्म और अध्यात्म की नगरीय परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सिंघानिया परिवार, दर्री (छत्तीसगढ़) द्वारा सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 14 सितंबर से 20 सितंबर 2026 तक श्री दुर्गा पंडाल, दर्री में श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण के बीच संपन्न होगा।
इस सात दिवसीय कथा में वृंदावन धाम (बरसाना वाले) पूज्य श्री हेमंत कृष्ण गोस्वामी जी अपने मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
कथा का शुभारंभ 14 सितंबर को सुबह 9 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। प्रथम दिवस भागवत महात्म्य एवं कथा स्थापना के साथ धार्मिक आयोजन की शुरुआत होगी।
सात दिनों में सुनाए जाएंगे भगवान की लीलाओं के मनोहारी प्रसंग
कथा के दौरान परीक्षित जन्म एवं शुकदेव जी का आगमन, कपिलोपाख्यान, ध्रुव चरित्र, जड़भरत चरित्र, नृसिंह अवतार एवं भक्त प्रह्लाद की कथा, समुद्र मंथन, वामन अवतार, भगवान श्रीराम एवं भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, भगवान की बाल लीलाएं एवं गोवर्धन धारण, महारास एवं रुक्मिणी विवाह जैसे अनेक भक्तिमय प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
कथा के अंतिम दिवस सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष एवं हवन का आयोजन होगा। सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं को भगवान की भक्ति, प्रेम और आध्यात्मिक ज्ञान से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
सिंघानिया परिवार ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे परिवार सहित कथा में उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत के पावन श्रवण का लाभ लें और इस भक्तिमय आयोजन को सफल बनाएं।
📍 स्थान — श्री दुर्गा पंडाल, दर्री
📅 दिनांक — 14 से 20 सितंबर 2026
🕉️ कथा वाचक — पूज्य श्री हेमंत कृष्ण गोस्वामी जी
🌸 आयोजन — सिंघानिया परिवार, दर्री (छत्तीसगढ़)

Leave A Reply