डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
आदर्श पुनर्विवाह बना मिसाल: झारिया सेवा समिति ने पेश की समाज के लिए प्रेरक पहल
शहपुरा (डिंडोरी) – सामाजिक कुरीतियों को चुनौती देते हुए और नई सोच को मजबूती प्रदान करते हुए झारिया सेवा समिति, शहपुरा ने एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल करते हुए 05 अप्रैल 2026 को एक आदर्श पुनर्विवाह संपन्न कराया। यह आयोजन न केवल एक विवाह था, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में उठाया गया सशक्त कदम साबित हुआ।
शहपुरा स्थित झारिया धर्मशाला में हिन्दू रीति-रिवाजों और आपसी सहमति के साथ गरिमामय वातावरण में यह पुनर्विवाह संपन्न हुआ। समिति के संरक्षण में ग्राम मनिकपुर निवासी दिनेश कुमार पिता – जगेंद्र प्रसाद एवं ग्राम जिमरा निवासी नेहा बाई पिता – धर्मेंद्र कुमार परिणय सूत्र में बंधे। पूरे समारोह में सादगी, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने इस पहल को और भी गरिमामय बना दिया। उपस्थित सभी लोगों ने नवदंपति को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की।
झारिया सेवा समिति द्वारा कराया गया यह पुनर्विवाह समाज में व्याप्त पुरानी रूढ़ियों को तोड़ते हुए एक नई दिशा दिखा रहा है। यह पहल उन लोगों के लिए प्रेरणा बन रही है, जो सामाजिक दबाव के कारण पुनर्विवाह जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लेने से हिचकिचाते हैं। क्षेत्रभर में इस कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है और इसे सामाजिक जागरूकता का एक मजबूत उदाहरण माना जा रहा है।
