शहडोल मध्य प्रदेश
अवैध रेत माफिया का कहर: ट्रैक्टर-टॉली हादसे में 8 घायल, 2 नाबालिग भी शिकार
शहडोल -मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में अवैध रेत उत्खनन का काला खेल एक बार फिर बेनकाब हो गया है। सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिजौरी में अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-टॉली पलटने से 8 मजदूर घायल हो गए, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज श्रीराम हॉस्पिटल, शहडोल में चल रहा है, जहां एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, वाहन मालिक मथुरा यादव द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के रेत का परिवहन कराया जा रहा था। ओवरलोडेड ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें सवार मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसे में अमन बैगा (22), दाईआ (50), रनिया (25), बुधनी (30), सनी (17), संतु (16), गणेश (22) और सूरज बैगा (24) घायल हुए हैं। इनमें गणेश की हालत नाजुक बनी हुई है।
यह हादसा केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और अवैध खनन माफिया की मिलीभगत का खुला प्रमाण है। क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन खुलेआम जारी है, लेकिन खनिज विभाग और पुलिस प्रशासन आंख मूंदे बैठे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारियों की मिलीभगत के बिना यह धंधा संभव नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, दिन-रात बिना रॉयल्टी और परमिशन के रेत निकाली जा रही है, जिससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि मजदूरों, खासकर नाबालिगों की जान को जोखिम में डालकर यह अवैध कारोबार चलाया जा रहा है।
हादसे के बाद प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है, लेकिन सवाल वही है—क्या इस बार दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा?
अजय पाल
