शहडोल मध्यप्रदेश 
शहडोल। जिले की देवलोंद थाना पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 36 मवेशियों को क्रूरतापूर्वक ले जा रहे एक ट्रक को जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक MP 53 ZG 7842 में अवैध रूप से भैंसों को लादकर गोहारी से फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम चंदोला फॉरेस्ट बैरियर के पास घेराबंदी की और ट्रक को रोक लिया।
अमानवीय तरीके से भरे थे मवेशी
जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो वहां का नजारा विचलित करने वाला था। ट्रक के भीतर 13 भैंस और 23 पड़वा (कुल 36 मवेशी) बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरे गए थे। जब्त किए गए मवेशी भूख और प्यास से व्याकुल पाए गए। जब्त मवेशियों और ट्रक की कुल अनुमानित कीमत लगभग 19,70,000 रुपये आंकी गई है।
आरोपी की पहचान वाहिददीन अंसारी (37 वर्ष) और इल्ताक खान (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सीधी जिले के निवासी हैं। पूछताछ में वे परिवहन संबंधी कोई भी वैध दस्तावेज या परमिट पेश नहीं कर सके। मवेशियों को सुरक्षित रखरखाव के लिए तीर्थ गौशाला समिति बाणसागर के सुपुर्द कर दिया गया है।
इस सफल कार्रवाई में देवलोंद थाना प्रभारी उप-निरीक्षक सुभाष दुबे, सहायक उप-निरीक्षक इंद्रलाल पुरी और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अजय पाल

