गमछा पहनाकर केंद्रीय गृह मंत्री का किया आत्मीय स्वागत, विधायक पुरन्दर मिश्रा ने प्रदेश के विकास और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर रखे विचार।

रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में गुजराती समाज के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान विधायक पुरन्दर मिश्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री को छत्तीसगढ़ की परंपरा और संस्कृति का प्रतीक गमछा पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मुलाकात के दौरान विधायक पुरन्दर मिश्रा एवं गुजराती समाज के प्रतिनिधियों ने नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की निर्णायक कार्रवाई और छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने के संकल्प को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि केंद्र सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के साहस से प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण तैयार हुआ है।

विधायक पुरन्दर मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश आज राष्ट्रीय सुरक्षा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मोदी सरकार की योजनाएं केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक मिश्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। अटल जी ने जिस विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में आज केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं। हमारा संकल्प है— ‘हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’।

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद जैसी दशकों पुरानी चुनौती के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई से प्रदेश में विकास के नए रास्ते खुले हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बन रहा है।

पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि धारा 370 हटाने का ऐतिहासिक निर्णय, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण और देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ नेतृत्व को दर्शाते हैं। इन निर्णयों से देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव को नई मजबूती मिली है।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन ‘विकसित भारत 2047’ को साकार करने में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश विकास, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

इस अवसर पर गुजराती समाज के प्रतिनिधियों ने भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में राष्ट्रसेवा, आंतरिक सुरक्षा और नक्सलवाद के उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

प्रतिनिधिमंडल में विश्राम भाई छाभैया, वेलजी भाई रुडाणी, जयंती भाई छाभैया, लिलाधर भाई भगत, हरमुख भाई पटेल, देवजीभाई पटेल, जयंती पटेल, सूर्यकान्त भाई पदमाणी, दलपत भाई हलपाणी, चन्दू भाई नाकराणी, हिम्मत भाई छाभैया, तिलक भाई छाभैया, मुकेश पदमाणी, अम्बालाल धोनू, दिनेश भाई कनानी, ईश्वर भाई रुडाणी एवं प्रीतेश गाँधी सहित समाज के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Comments are closed.

Exit mobile version