अपराध छोड़ सुधरे बदमाशों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ेगी धमतरी पुलिस, निगरानी बदमाश अंकित को मिली ‘माफी बदमाश’ की श्रेणी
धमतरी।
धमतरी पुलिस ने अपराधियों पर केवल दंडात्मक कार्यवाही करने के बजाय उनमें सुधार की भावना को प्रोत्साहित करने की एक सराहनीय पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार के आदेशानुसार, जो निगरानी या गुंडा बदमाश पिछले 5 वर्षों से अपराध की दुनिया से दूर होकर सामान्य सामाजिक जीवन जी रहे हैं, उन्हें “माफी बदमाश” श्रेणी में शामिल होने का अवसर दिया जा रहा है।
इसी कड़ी में, थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के महिमा सागर वार्ड निवासी 39 वर्षीय निगरानी बदमाश अंकित कौशिक (पिता स्वर्गीय गोपाल कौशिक) के आचरण का बारीकी से परीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि अंकित वर्ष 2014 से किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं रहा है और एक सम्मानित नागरिक की तरह जीवन व्यतीत कर रहा है।
थाना प्रभारी सिटी कोतवाली के प्रतिवेदन और नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) की अनुशंसा के बाद, एसपी श्री सूरज सिंह परिहार ने अंकित कौशिक को “माफी बदमाश ‘अ’ वर्ग” में शामिल करने की मंजूरी दे दी है। धमतरी पुलिस के इस संवेदनशील निर्णय का उद्देश्य अपराध का रास्ता छोड़ चुके लोगों को समाज की मुख्यधारा में सम्मानजनक स्थान देना और दूसरों को भी सुधार की राह चुनने के लिए प्रेरित करना है।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़
