सिवनी जिले में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के कुशल निर्देशन में ‘विशेष स्कूल नामांकन अभियान’ बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य सभी पात्र बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और ड्रॉपआउट दर को शून्य करना है। इस अभियान के तहत शिक्षा विभाग, जनशिक्षा केंद्रों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और मैदानी अमले की सक्रिय टीम घर-घर जाकर ऐसे बच्चों की पहचान कर रही है जिन्होंने अभी तक स्कूल में प्रवेश नहीं लिया है। साथ ही, अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक कर बच्चों का नियमित दाखिला सुनिश्चित किया जा रहा है। इस मुहिम के सार्थक परिणाम सामने आए हैं, जहाँ कक्षा 1 से 12 तक के नामांकन में सिवनी जिले ने राज्य स्तर पर 11वीं रैंक हासिल की है। जिले ने कुल 2,32,804 के निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 2,26,395 विद्यार्थियों का नामांकन दर्ज कर 97.25 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है, जिसमें शासकीय विद्यालयों में नामांकन दर 97.59 प्रतिशत और निजी विद्यालयों में 96.42 प्रतिशत रही है।
शिक्षा के प्रति इस जागरूकता का प्रभाव कक्षा 8 से 9 के ट्रांजिशन (संक्रमण) दर में भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जहाँ जिले ने 111.64 प्रतिशत ट्रांजिशन दर के साथ प्रदेश में दूसरी (स्टेट रैंक-2) स्थान प्राप्त किया है। कलेक्टर ने सभी विकासखंड अधिकारियों, बीआरसी, सीएसी और संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, विशेषकर प्रवासी, ड्रॉपआउट और कमजोर वर्ग के बच्चे। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे राष्ट्र निर्माण और अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें अनिवार्य रूप से निकटतम विद्यालय में प्रवेश दिलाएं और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें। रिपोर्ट -आकाश भार्गव (जिलाब्यूरो सिवनी )
